एमसीडी कर्मचारी के एक हत्यारोपी को जेल
बड़ौत (बागपत)। ढ़िकाना गांव में एमसीडी कर्मचारी ब्रह्मपाल की हत्या में एक आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर जेल भ्ेाज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर ग्रामीणों व परिजनों ने कोतवाली पर प्रदर्शन कर गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि आरोपी पक्ष के लोग फैसला करने की धमकी दे रहे हैं।
रविवार की देर रात ढ़िकाना गांव में घर के आंगन में सोये दिल्ली एमसीडी के कर्मचारी ब्रह्मपाल वाल्मीकि की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में उसके बेटे राहुल ने गांव के ही नगेंद्र उर्फ बिट्टू पुत्र हरपाल व कालूराम पुत्र पालेराम को नामजद किया था। पुलिस ने मंगलवार को कालूराम को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मुख्य आरोपी नगेंद्र की गिरफ्तारी को लेकर मृतक के परिजनों ने कोतवाली पहुंचकर प्रदर्शन किया और कोतवाली प्रभारी रणवीर सिंह यादव से शिकायत की कि आरोपी गांव के ही जंगल में घूम रहा है और जान से मारने की धमकी देकर फैसले का दबाव बना रहा है। इस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी शीघ्र की जाएगी और परिवार को सुरक्षा प्रदान की जायेगी।