रेलवे स्टेशन व हाईवे किनारे मकानों में डालते थे डकैती
बागपत। दोघट पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया 50 हजार का इनामी रामबीर बावरिया गिरोह के साथ रेलवे स्टेशन व हाईवे के किनारे मकानों में डकैती की घटना को अंजाम देता था। लूटपाट करने के बाद गिराहे के सदस्य परिवार की महिलाओं से दुष्कर्म करते थे। विरोध करने पर हत्या भी कर देते थे। उसके खिलाफ लूट, हत्या, डकैती के छह मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया।
दोघट थाना क्षेत्र में बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर आदमपुर बस स्टैंड के पास बृहस्पतिवार की रात पुलिस व एसटीएफ ने 50 हजार के ईनामी बदमाश रामबीर बावरिया को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। पैर में गोली लगने से रामबीर घायल हो गया था। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पूछताछ में रामबीर बावरिया ने बताया कि उसके गिरोह में 10 से 12 लोग हैं। गिरोह रेलवे स्टेशन एवं हाईवे के किनारे बने मकानों को निशाना बनाते थे। परिवार को बंधक बनाकर लूटपाट करते थे। उन्होंने डकैती के दौरान कई महिलाओं से दुष्कर्म भी किया। विरोध करने पर महिलाओं की हत्या की घटना को अंजाम देते थे। उसके खिलाफ लखनऊ के थाना चिनहट, बाराबंकी के थाना सतरिख, कोतवाली नगर, फर्रूखाबाद के थाना मऊ दरवाजा, कासगंज में लूट, हत्या, डकैती के छह मुकदमे दर्ज हैं। थाना चिनहट से उस पर 50 हजार का ईनाम भी घोषित था। वह लखनऊ पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस को उसने अपने साथियों के नाम भी बता दिए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेज दिया।