बागपत। पति से चल रहे तलाक के मुकदमे में पिता के साथ न्यायालय में पैरवी के लिए जा रही महिला पर कचहरी के पास पति व ससुर ने हमला बोल दिया, जिसमें महिला घायल हो गई। बचाव में आए उसके पिता से भी मारपीट की गई।
फजलपुर सुंदर नगर गांव निवासी जयभगवान ने बताया कि उसने ढाई साल पहले बेटी स्वाति की शादी मुजफ्फरनगर जनपद के गढ़ी शेखावतपुर निवासी श्रवण कुमार पुत्र मांगेराम के साथ की थी। वह नेवी में लोवर डिविजन क्लर्क पद पर तैनात है। शादी के एक साल बाद पति-पत्नी में विवाद हो गया। पति ने स्वाति को रखने से इंकार कर दिया। तभी से बेटी अपने मायके में रह रही है। उन्होंने न्यायालय में तलाक का मुकदमा दायर कर दिया। सोमवार को पिता-पुत्र मुकदमे की पैरवी पर न्यायालय जा रहे थे। जब वे कचहरी के पास पहुंचे तो पति व ससुरालियों ने उन पर हमला बोल दिया। जिसमें दोनों घायल हो गए। उन्होंने कोतवाली पहुंचकर पति व ससुर के खिलाफ तहरीर दी। वहीं पति श्रवण ने बताया कि दोनों बाप-बेटी न उनके साथ मारपीट की है। उसने भी कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।