जिला बार एसोसिएशन के महामंत्री एडवोकेट प्रवीन नहारा से गाली गलौच एवं जाति सूचक शब्द कहे जाने के मामले में सीओ खेकड़ा वंदना शर्मा ने कचहरी में पहुंचकर जांच की। वहीं कोतवाली पुलिस ने दूसरी एसोसिएशन के महामंत्री आजाद धामा की तहरीर पर चार अधिवक्ताओं के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया। इसको लेकर दोनों गुटों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
जिला बार संघ के चुनाव से लेकर अधिवक्ताओं के बीच तकरार चल रही हैं। दो गुटों में बंटे अधिवक्ताओं ने अलग-अलग जिला बार एसोसिएशन बना ली। जिला बार एसोसिएशन के महामंत्री एडवोकेट प्रवीन नहारा से मंगलवार को कचहरी में बी ब्लॉक के पास दूसरे गुट के एडवोकेट नरेंद्र पंवार गुर्जर ने गली गलौच की और जाति सूचक शब्द कहे। उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इस पर एडवोकेट प्रवीन नहारा ने कोतवाली में नरेंद्र पंवार के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई।
वहीं दूसरी एसोसिएशन के महामंत्री आजाद धामा ने तहरीर देकर तमंचे से फायर करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने आजाद धामा एडवोकेट की तहरीर पर भी अधिवक्ता प्रवीन नहारा, ओमपाल मान, परमवीर वर्मा, मुकेश ढाका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बृहस्पतिवार को इस मामले की जांच करने सीओ खेकड़ा वंदना शर्मा कचहरी में पहुंची। सीओ ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं से जानकारी ली। इस दौरान सीओ के सामने दोनों पक्षों में बहस भी हुई। सीओ मामले की सही जांच कर कार्रवाई का आश्वासन देकर चली गई। इस घटना के बाद से दोनों पक्षों में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। कचहरी में कभी भी बड़ी घटना हो सकती है। सीओ वंदना शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही अगली कार्रवाई होगी।