बागपत। हरियाणा से शराब की तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही है। गौरीपुर मोड़ के पास आबकारी की टीम ने चेकिंग के दौरान डंपर को पकड़ा। उससे 350 पेटी अंग्रेेजी शराब बरामद हुई है। इसकी कीमत 25 लाख रुपये है।
जिला आबकारी अधिकारी राम उजागिर मौर्य ने बताया कि गौरीपुर मोड़ के पास टीम बुधवार की रात में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा की ओर से एक डंपर आता हुआ दिखाई दिया। चालक को डंपर रोकने का इशारा किया, आरोपी चालक डंपर को लेकर भागने लगा। पीछा करने पर डंपर को पकड़ लिया । तलाशी ली तो उसमें शराब लदी मिली। मौर्य ने बताया शराब के साथ पकड़ा आरोपी संदीप निवासी सोनीपत है। डंपर से 350 पेटी शराब हरियाणा मार्का बरामद हुई है। इसकी कीमत 25 लाख रुपये है। संदीप ने पूछताछ में बताया शराब मेरठ जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि शराब चुनाव में सप्लाई होनी थी। शराब किसने मंगवाई थी, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।