बागपत। पाली गांव में विद्युत लाइन टूटकर घोड़ा-बुग्गी पर गिर गई। इससे घोड़े की मौत हो गई। युवक ने बुग्गी से कूदकर अपनी जान बचाई। इसके विरोध में लोगों ने हंगामा किया।
बागपत की माता कॉलोनी निवासी आसिफ घोड़ा-बुग्गी पर सब्जी बेचने का काम करता है। वह मंगलवार को पाली गांव में गया । गली से गुजरते समय अचानक विद्युत लाइन टूटकर गिर गई। उसकी चपेट में आने से घोड़े की मौत हो गई। आसिफ ने बुग्गी से कूदकर जान बचाई। इस दौरान गली से गुजर रहे दो-तीन बच्चे भी बाल-बाल बचे। मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। इसकी जानकारी विद्युत निगम को देकर बिजली सप्लाई बंद कराई । ग्रामीणों ने कहा विद्युत लाइन जर्जर है। कई बार शिकायत करने के बाद भी लाइन नहीं बदली जा रही है। ऐसी स्थिति में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने हंगामा कर लाइन को जल्द से जल्द बदलवाने की मांग की है।
आत्महत्या को उकसाने के
आरोपी का कोर्ट में सरेंडर
बागपत। पुराना कस्बा के यमुना खादर में आस मोहम्मद उर्फ आसू का जनवरी माह में शव पेड़ पर लटका मिला। पुलिस की विवेचना में सामने आया उसको आत्महत्या के लिए उकसाया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों पर शिकंजा कस दिया। इस मामले में आरोपी इरफान निवासी कोताना ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसके अलावा अवैध खनन करने के आरोपी जयवीर निवासी बदरखा, वीरसैन निवासी सरूरपुर और सुधीर निवासी बिनौली ने कोर्ट में सरेंडर किया।