बागपत। जिला कारागार में बंद प्रमोद गांगनौली गैंग के शूटर अंकित बामनौली समेत चार बंदियों का जिला अस्पताल में शनिवार को इलाज हुआ। अंकित और सोनू जेल में बंदियों के बीच हुए संघर्ष में घायल हुए थे। इस दौरान वहां पर पुलिस तैनात रही।
जिला जेल के चार बंदियों को पुलिस जिला अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच इलाज के लिए पहुंची। इनमें बागपत के पुराना कस्बा निवासी सचिन, रंछाड़ गांव का इमरान, बामनौली गांव का अंकित और सिलाना गांव का सोनू शामिल रहा। इनका चिकित्सकों ने इलाज किया और दवा देकर वापस भेजा। पुलिस उनको कड़ी सुरक्षा में जेल लेकर गई थी। आरोपी अंकित, प्रमोद गांगनौली गैंग का शार्प शूटर है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पुलिस सुरक्षा में धनौरा सिल्वरनगर गांव के किसान देवी सिंह की गोलियों से भूनकर हत्या की । आरोपी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा। जो बागपत जेल में शिफ्ट हो गया है। 18 दिसंबर को जेल में बंदियों के बीच संघर्ष हो गया था। इसमें सोनू और अंकित भी घायल हो गए थे। इनका जेल के अस्पताल में ही इलाज चल रहा था। हालत में सुधार नहीं होने पर उनको शनिवार को जिला अस्पताल में लाया।
अंकित का एक पक्षीय कार्रवाई करने का आरोप
बागपत। बंदी अंकित ने कहा कि जेल में हुए झगड़े में पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई की है। उन्होंने कहा मुझ पर भी हमला किया, लेकिन मेरी तरफ से मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। जबकि विपक्षियों की तहरीर पर मेरे खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।