ससुरालियों ने महिला को मारपीट कर घर से निकाला
बड़ौत (बागपत)। हिलवाड़ी गांव में एक महिला को लड़का पैदा न होने और दहेज की एक लाख की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने मारपीट कर तीन साल की बच्ची के साथ घर से निकाल दिया।
बावली निवासी राजपाल ने अपनी बेटी सुनीता की शादी हिलवाड़ी के पिंकू नामक व्यक्ति से चार साल पहले की थी। अब उसको तीन साल की एक बच्ची भी है। बेटा पैदा न होने को लेकर उसके पति सास-ससुर पहले ही उसे तंग करते थे। हाल में उससे एक लाख रुपये दहेज में अपने घर से लाकर देने की मांग करने लगे। मना करने पर उन्होंने बुधवार की रात में उसके साथ मारपीट की और उसे बच्ची के साथ घर से निकाल दिया। किसी तरह वह अपने मायके बावली पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी दी। उसने बृहस्पतिवार को कोतवाली में पति-सास, ससुर के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी।