बागपत। छपरौली थाना पुलिस कुरड़ी गांव के सम्राट की हत्या का खुलासा नहीं कर पाई है। ग्रामीणों ने एसपी दफ्तर पर प्रदर्शन कर खुलासा करने की मांग की। चेतावनी दी कि यदि जल्दी खुलासा नहीं किया तो उग्र आंदोलन होगा। एसपी ने जल्दी खुलासा करने का आश्वासन दिया।
कुरड़ी गांव के काफी संख्या में ग्रामीण सोमवार को एसपी दफ्तर पहुंचे। वहां उन्होंने छपरौली पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने एसपी को बताया कि गांव के शमशेर सिंह का 20 वर्षीय बेटा सम्राट 10 मार्च को सड़क पर दौड़ लगाने गया , लेकिन वापस नहीं लौटा । 11 मार्च को सड़क किनारे सम्राट का शव पड़ा मिला। उसकी पीट पीट कर हत्या की। पिता ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। छपरौली पुलिस ने बीस दिन बाद भी घटना का खुलासा नहीं किया। पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। हत्यारोपी खुले घूम रहे हैं। उन्होंने कहा यदि जल्दी खुलासा नहीं किया तो उग्र आंदोलन शुरू करेंगे। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने पीड़ितों को जल्दी खुलासे का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में प्रधान यशवीर, ओमपाल, अजब सिंह, इकबाल, कृष्णपाल, देशपाल आदि रहे।