पिलाना (बागपत)। बालैनी थाना पुलिस ने पुरा महादेव मार्ग से तीन वाहन चोरों को गिरफ्तार कर बाइक चोरी की कई घटनाओं का खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर चार बाइक भी बरामद हुई। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर जेल भेजा।
बालैनी थानाध्यक्ष शिव प्रकाश ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बालैनी-पुरा महादेव मार्ग पर चेकिंग शुरू की। नवादा मोड़ के पास तीन युवक बाइकों पर आते दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर तीनों युवकों को पकड़ लिया और बाइक के कागज दिखाने को कहा, लेकिन वे कागज नहीं दिखा पाए। पुलिस ने थाने लाकर पूछताछ की तो उन्होंने बाइक चोरी की कई घटनाओं का खुलासा किया। पकड़े गए चोर सागर पुत्र रजनेश निवासी जखेड़ा जनपद मेरठ, सूरज पुत्र ऋषिपाल, अंकित उर्फ मोटा पुत्र सुनील निवासी नवादा हैं, जबकि मनीष यादव पुत्र शीशपाल निवासी सिंघावली अहीर भाग गया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की चार बाइक बरामद की। चोरों ने बताया कि बाइकों को मेरठ ले जाकर दो से तीन हजार रुपये में बेचते थे।