बड़ौत (बागपत)। मलकपुर चीनी मिल द्वारा क्षेत्र के किसानों को इंडेंट जारी न करने की समस्या से क्षुब्ध कई गांव के किसानों ने दूसरे दिन भी बुधवार को गन्ना विकास समिति बड़ौली रोड पर पहुंचकर हंगामा किया और वहां कर्मचारियों को बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस से किसानों की जमकर नोकझोंक हुई। बाद में अधिकारियों के न मिलने पर आक्रोशित किसानों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और एसडीएम से शिकायत करते हुए जल्द मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
इंडेंट जारी न होने से किसानों की समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को जहां गन्ना विकास समिति पर व बाद मेें सिनौली गांव मेें किसानों ने बड़ौत-छपरौली मार्ग अवरुद्ध कर हंगामा किया था। वहीं बुधवार को दूसरे दिन सिनौली, मलकपुर, जौनमाना, ढिकाना, बावली, लुहारी, नंगला सहित कई गांव के किसान समाजसेवी विपिन पूनिया के नेतृत्व मेें गन्ना विकास समिति कार्यालय बड़ौली रोड पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। विपिन पूनिया का कहना था कि पिछले 20 दिनों से मलकपुर चीनी मिल द्वारा किसानों को इंडेट जारी नहीं किया जा रहा, इससे किसान परेशान हैं, उनका गन्ना खेतों मेें खड़ा सूख रहा है और आगामी फसल बुवाई का भी संकट खड़ा हो गया है। लेकिन लगातार शिकायत किए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। आक्रोशित किसानों ने समिति कार्यालय पर मौजूद कर्मचारियों में बिट्टू व अन्य को भी बंधक बना लिया। बाद में किसानों ने तहसील पहुंचकर एसडीएम से शिकायत करते हुए चेतावनी दी कि जब तक इंडेंट जारी नहीं किया जाएगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। हंगामा करने वालों में राजू, विपिन, मोहित मान, अमित मान, अखिल, दीपक, अरुण, सुधीर, गुल्लू, बिजेंद्र, गुड्डू, बिल्लू शामिल रहे।