बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गौरीपुर मोड़ के पास औसिक्का गांव के किसान से 1.25 लाख रुपये की लूट के मामले को पुलिस ने चोरी की रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने पकड़े गए बदमाश को न्यायालय में पेश किया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने दबिश दी, लेकिन वह हाथ नहीं लगा।
औसिक्का गांव निवासी अली हसन से सोमवार को दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गौरीपुर मोड़ के पास दो बदमाशों ने 1.25 लाख रुपये लूट लिए थे। लोगों ने एक बदमाश को पकड़ कर पुलिस को सौंपा। पुलिस ने लूटे गए 50 हजार रुपये बरामद कर लिए थे। जबकि 75 हजार रुपये लेकर उसका साथी भाग निकला। पुलिस ने लूट को धारा 379 व 411 आईपीसी में दर्ज कर लिया। एसएसआई धर्मेंद्र सिंह संधू ने बताया कि पकड़े गए युवक ने पुलिस को नाम पता गलत बताकर गुमराह किया । जबकि उसका असली नाम राजेंद्र निवासी गढ़ी श्याम थाना कांधला जनपद शामली है। फरार हुआ साथी साहब सिंह निवासी गढ़ी श्याम की तलाश में पुलिस ने दबिश दी, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। आरोपी के घर पर ताला लटका है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। कोर्ट से उसे जेल भेजा। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि किसान से लूट नहीं हुई। दोनों बदमाश जेब काटकर रुपये चोरी कर भाग रहे थे। किसान द्वारा दी गई तहरीर पर ही चोरी की धारा में मुकदमा दर्ज कराया।