यमुना खादर में पुलिस के सामने भागे खनन माफिया
बागपत। यमुना खादर के निवाड़ा में अवैध रूप से बुग्गी में रेत लेकर जा रहे माफिया को पुलिस ने पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपी बुग्गी छोड़कर भाग गए। इस मामले में कोतवाली में काफी देर बखेड़ा हुआ। पुलिस की एक व्यक्ति से नोकझोंक और खींचातानी भी हुई। एसडीएम बागपत के सामने पक्ष रखा गया।
निवाड़ा के यमुना खादर से बृहस्पतिवार सुबह कुछ लोग बुग्गियों से अवैध खनन कर रहे थे। सूचना मिलते ही निवाड़ा चौकी इंचार्ज निरंजन सिरोही ने मौके पर पहुंचकर छापामारी की तो आरोपी अपनी बुग्गियां छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बुग्गियों को कब्जे में ले लिया। इस मामले में कुछ लोग कोतवाली पर पहुंचे। एक व्यक्ति से पुलिस की काफी नोकझोंक और खींचातानी हुई। पुलिस ने कहा निवाड़ा गांव निवासी एक व्यक्ति अवैध खनन करने वालों का पक्ष लेते हैं। कहते है यमुना खादर में उनके खेत हैं, अपनी मर्जी से वहां से रेत उठाएंगे। जबकि प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली है।
यह मामला एसडीएम तक पहुंच गया। एसडीएम विवेक कुमार यादव ने कहा अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। यदि किसी ने खनन करने का प्रयास किया तो जेल भेजा जाएगा। कोतवाली पहुंचे निवाड़ा के लोगों ने कहा वह खनन करने वालों के पक्ष में नहीं है। ग्रामीण हारुण ने कहा पुलिस के आरोप गलत है, गांव के लोग तो एक लड़की की बरामदगी की मांग के लिए आए थे। पुलिस उसको बरामद नहीं कर रही है। ग्रामीण उसकी बरामदगी के लिए ही कोतवाली में आए थे। एसडीएम के समक्ष भी पूरे मामले को रखा है।