राशन वितरण की धांधली में ग्राम विकास अधिकारी निलंबित
बागपत। डीडीओ हुब लाल ने चंदायन गांव निवासी ग्राम विकास अधिकारी को शासकीय कार्यों में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित कर दिया है। बड़ौत बीडीओ को मामले की जांच सौंपी है।
बिनौली ब्लॉक के गांव चंदायन गांव में वर्ष 2016 में राशन वितरण की जिम्मेदारी के लिए पर्यवेक्षणीय अधिकारी के रूप में ग्राम विकास अधिकारी रविंद्र कुमार को नियुक्त किया गया था। इनकी निगरानी में राशन का वितरण किया जाना था। राशन डीलर गुलफाम ने राशन वितरण में धांधली की। पर्यवेक्षणीय अधिकारी ने इस प्रकरण में उचित कदम नहीं उठाया। डीडीओ हुब लाल ने बताया कि डीएसओ चमन शर्मा ने डीएम पवन कुमार को प्रकरण से अवगत कराया। इसके बाद डीएम के आदेश पर दायित्व के प्रति लापरवाही बरतने के कारण ग्राम विकास अधिकारी रविंद्र को निलंबित कर दिया गया है। निलंबन काल में वह विकास खंड खेकड़ा में कार्य करेंगे। इस प्रकरण की जांच के लिए बड़ौत बीडीओ को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोप पत्र जांच अधिकारी द्वारा जारी किया जाएगा। इससे पहले जिला पूर्ति अधिकारी चमन शर्मा ने राशन डीलर की दुकान को निलंबित कर दिया था।