बागपत। शहर में मोबाइल टावरों से चोरी बैट्री से ई रिक्शा चल रही है। पुलिस ने चार ई रिक्शाओं से चोरी की बैट्री बरामद कीं। पुलिस ई रिक्शा चालकों को बैट्री बेचने वाले का पता लगाने के प्रयास कर रही। आरोपी की तलाश में पुलिस दिल्ली और हरियाणा में दबिश दे रही है।
पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया तो चार ई रिक्शाओं में मोबाइल टावर की बैट्री मिलीं। पुलिस ने रिक्शा चालकों को हिरासत में लेकर पूछताछ। रिक्शा चालकों ने बताया कि उन्हें एक युवक ने सस्ते दामों में बैट्री बेची हैं। मोबाइल टावर की बैट्री अधिक दमदार होती है और दो गुना ज्यादा चलती है। उन्होंने पुलिस को आरोपी का नाम भी बता दिया। पुलिस ने रिक्शाओं से बैट्री उतरवा कर कब्जे में ली और चालकों को छोड़ दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में दिल्ली और हरियाणा में दबिश दे रही है, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि बैट्री बेचने वालों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्दी ही घटना का खुलासा होगा।