बिनौली थाना क्षेत्र के धनौरा सिल्वर नगर गांव में सोमवार को शाम के समय मृतक गौरव राणा के मकान पर अज्ञात लोगों ने फायरिंग की। परिजनों ने मकान के अंदर छिपकर जान बचाई। फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। घटना के बाद से परिजन भयभीत है। गौरव के तीन हत्यारोपी फरार हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई। परिजनों ने फरार हत्यारोपियों पर फायरिंग करने का आरोप लगा बिनौली थाने में तहरीर दी।
धनौरा सिल्वर नगर गांव में सोमवार को शाम के समय आनंद पाल के मकान पर तीन-चार अज्ञात लोगों ने तमंचे और पिस्टल से फायरिंग की। परिवार के लोगों ने अंदर मकान में घुसकर जान बचाई। मकान पर चार राउंड फायरिंग की। हमलावर मारने की धमकी देकर भाग गए। फायरिंग की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैली हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन वे हाथ नहीं लग सके। इस संबंध में आनंद पाल ने थाने में तहरीर दी।
आनंद पाल ने बताया कि गांव के जंगल में 22 अगस्त की रात को उसके बेटे गौरव राणा की चाकू से गला रेत की हत्या की। इस मामले में गांव के ही पारूल, ऋषि, निशांत, अजयपाल के खिलाफ बिनौली थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। आरोपी पारूल कोर्ट में सरेंडर कर जेल चला गया था। तीन आरोपी अभी फरार चल रहे हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उन्होंने ही मकान पर फायरिंग की। उसके बेटे की सात लाख की सुपारी देकर हत्या कराई। अब वे उसकी भी हत्या करना चाहते हैं। पुलिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। पिछले दिनों पुलिस ने पारूल को रिमांड पर लेकर झूठा खुलासा किया। फायरिंग की घटना के बाद पीड़ित परिवार भयभीत है। उन्होंने खेतों में जाना बंद कर दिया। आरोपी जंगल में घूम रहे हैं। उन्होंने पुलिस से सुरक्षा मुहैय्या कराने की मांग की। इस संबंध में बिनौली थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार बिष्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।