बागपत। पाली गांव में शराब पीकर हुए विवाद में 10-15 युवकों ने एक युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। हमलावर मरा समझ कर भाग गए। परिजन घायल युवक को लेकर कोतवाली बागपत पहुंचे और तहरीर दी। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली में हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया ।
घायल मुमताज पुत्र मांगे पाली गांव का रहने वाला है। गांव में बुधवार को झंडा की बेटी की शादी थी। गांव में बारात आई । गांव के ही कुछ युवक मुमताज को घर से बुलाकर शादी समारोह में ले गए। इस दौरान उन्होंने शराब पी। शराब पीकर मुमताज, साहबू, झंडा, हसन, शहजाद आदि के बीच कुछ विवाद हो गया। मुमताज जब वहां से चलने लगा तो 10-15 युवकों ने उस पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया और उसकी जमकर पिटाई की। वे लोग उसे तब तक पीटते रहे, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। हमलावर मरा समझा मौके से फरार हो गए।
सूचना पर घायल युवक के परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गए। इससे दोनों पक्षों में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। दोनों पक्षों में टकराव के हालात बन गए। गांव के कुछ जिम्मेदार लोगों ने दोनों पक्षों को समझा कर शांत किया। परिजन घायल युवक को लेकर कोतवाली बागपत पहुंचे। इस संबंध में उन्होंने 10-15 युवकों के खिलाफ तहरीर दी। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली के बाहर हंगामा किया। इस दौरान कोर्ट रोड पर जाम लग गया। सूचना पर कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार मौके पर पहुंचे तो लोगों ने उनका भी घेराव किया। उनके आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत पड़े। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हंगामा करने वालों में असलम, मांगे, फरमान, पप्पू, नईम, नाजमा आदि शामिल रहे।