बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित गुफा-बाबा मंदिर के पास महिला पर जानलेवा हमला और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर कोर्ट में सरेंडर कर दिया।
छपरौली क्षेत्र के ओढ़ापुर निवासी इकराम ने पुलिस को बताया 11 मई को उसकी बेटी तरन्नुम पर हाईवे स्थित गुफा-बाबा मंदिर के पास गाली-गलौज कर मारपीट की गई थी। इतना ही नहीं चुन्नी से फंदा लगाकर गला दबाकर मारने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी धमकी देकर चले गए थे। इस मामले में आरोपी सोनू, शहजाद और शहीदू निवासी लुहारा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई थी। आरोपी सोनू ने बृहस्पतिवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया। कोतवाली एसएसआई धर्मेंद्र सिंह सिंधू ने कहा पुलिस दबाव में आरोपी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया।
भतीजे से रहे जान से मारने की धमकी
बागपत। हमीदाबाद निवासी किसान ने कहा जमीन नाम न करने पर उसके भतीजे उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट करते हैं। उसको जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उसने एसपी दफ्तर में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
विरोध पर विवाहिता को घर से निकाला
बागपत। बड़ौत निवासी महिला का कहना है कि उसके पति का एक अन्य महिला से अवैध संबंध है। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज कर मारपीट करता है। आरोपी ने उसको घर से निकाल दिया। उसने एसपी दफ्तर पर शिकायत की है।
विद्युत निगम के इंजीनियर का प्रदर्शन
बागपत। राज्य विद्युत परिषद जूनियर इंजीनियर्स संघ के सदस्यों ने विभिन्न मांगों को लेकर अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर धरना दिया। इस मौके पर काफी इंजीनियर मौजूद रहे।