अमीनगर सराय (बागपत)। कस्बा में शराब के ठेका के पास रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्ष भिड़ गए। उनके बीच जमकर मारपीट हुई। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण तनाव पैदा हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकाकर भीड़ को खदेड़ा। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुरा गांव के पांच-छह युवक, कस्बा अमीनगर सराय में शुक्रवार शाम ठेके पर शराब पी रहे थे। वहां पर उनकी अंडे की ठेलीवाले से रुपये के लेनदेन को लेकर मारपीट हो गई। इससे वहां पर हंगामा हो गया। सूचना पर पहले पुलिस ने उनको समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी शांत नहीं हुए तो सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने लाठी फटकाकर भीड़ को खदेड़ा। दो लोगों को हिरासत में ले लिया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने के कारण वहां पर तनाव उत्पन्न हो गया था। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी प्रदीप और नरेश का शांतिभंग की धारा में चालान किया। कस्बा चौकी इंचार्ज मुनेंद्र सिंह कहना है कि दो पक्षों में मामूली विवाद हो गया था। इस मामले में दो लोगों का धारा 151 में चालान कर दिया गया है। कस्बा में पूरी तरह से शांति का माहौल है।
डौला में भाइयों में हुआ झगड़ा, हंगामा
अमीनगर सराय। डौला गांव में दो भाई कृष्णपाल और सुंदर पक्ष के बीच 36 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर मारपीट हो गई। उनके बीच लाठी-डंडे चले। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया तथा दोनों भाइयों को थाने में भेजा।
गौरीपुर मोड़ पर दो पक्षों में मारपीट
बागपत। गौरीपुर मोड़ पर दो कारों की आपस में मामूली साइड लग गई। इसी को लेकर कार सवार लोगों में मारपीट हो गई। इससे वहां पर हंगामा हो गया। जिम्मेदार लोगों ने विवाद शांत कराया।