बागपत। कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली कक्षा 11 की छात्रा के मोबाइल फोन पर एक युवती द्वारा अश्लील मेसेज भेजने का मामला सामने आया है। छात्रा ने मां के साथ कोतवाली पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल में मेसेज भेजने वाले नंबर को ब्लॉक कर खानापूर्ति कर दी। पुलिस ने शिकायत तक दर्ज नहीं की। छात्रा एक प्राइवेट चिकित्सक की बेटी है। इस घटना से छात्रा का परिवार परेशान है।
कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली कक्षा 11 की छात्रा के मोबाइल फोन पर एक युवती कई दिनों से अश्लील मेसेज भेज रही है। मेसेज में गाली लिखती है। आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया जाता है। इनसे छात्रा परेशान हो गई। उसने अपनी मां को जानकारी दी। बुधवार को छात्रा अपनी मां के साथ कोतवाली पहुंची और पुलिस से शिकायत की। उसने जिस नंबर से मेसेज आते हैं, उसे भी पुलिस को दे दिया।
पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन पर जिस नंबर से मेसेज आ रहे हैं, उसे ब्लॉक कर दिया और खानापूर्ति कर ली। पुलिस ने उनकी शिकायत तक दर्ज नहीं की और छात्रा को वापस घर भेज दिया। छात्रा एक प्राइवेट चिकित्सक की बेटी है। छात्रा ने बताया कि उसने कई बार मेसेज भेजने वाले नंबर को ब्लॉक किया, लेकिन युवती दूसरा नंबर बदलकर उसे फिर से मेसेज भेजना शुरू कर देती है। उसे जान से मरवाने की धमकी भी दे रही है। इससे उसका पूरा परिवार दहशत में है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। यदि ऐसा है तो जांच कराई जाएगी।