बड़ौत (बागपत)। दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन के महिला कोच मेें पुरुष यात्रियों के घुस जाने पर बड़ौत रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा हुआ। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया।
दिल्ली से सहारनपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 74021 जैसे ही बड़ौत रेलवे स्टेशन पर आकर रुकी, वैसे ही ट्रेन के महिला कोच में पुरुष यात्री घुस गए। महिलाओं ने इसका विरोध किया तो पुरुषों ने उतरने से मना कर दिया। इस पर महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया और ट्रेन की चेन खींच दी। सूचना पर जीआरपी इंस्पेक्टर राजीव रंजन श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सख्ती कर पुरुष यात्रियों को महिला कोच से बाहर निकाला, तब जाकर महिलाएं शांत हुई। महिलाओं का कहना था कि आए दिन महिला कोच मेें पुरुष यात्री घुस जाते हैं, जिस कारण सफर करने में महिलाओं को परेशानी होती है। जीआरपी इंस्पेक्टर राजीव रंजन श्रीवास्तव ने आश्वासन दिया कि प्रतिदिन इस रूट पर चलने वाली ट्रेनों में अभियान चलाया जाएगा, तब जाकर महिलाएं शांत हुई।