चांदीनगर (बागपत)। रटौल गांव के पास ढिकौली-बंथला मार्ग पर बुधवार की रात में दूध व्यापारी से बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने तमंचे दिखाकर हजारों की नगदी लूट ली। विरोध करने पर मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने खेकड़ा थाने पर तहरीर दी।
खैला गांव निवासी रविंद्र ने बताया कि वह बाइक पर क्षेत्र में दूध सप्लाई करता है। बुधवार की रात में करीब नौ बजे वह रटौल गांव में दूध सप्लाई कर लौट रहा था। जब वह ढिकौली-बंथला मार्ग पर रटौल गांव के नाले के पास पहुंचा तो बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवर टेक कर उसे रोक लिया। इसके बाद तमंचा दिखाकर उससे 61 हजार रुपये की नगदी लूट ली। विरोध करने पर तमंचों की बटों से पीटकर घायल कर दिया। बदमाश मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सूचना पर खेकड़ा पुलिस पहुंची और जंगल में बदमाशों की तलाश की। लेकिन वे हाथ नहीं आए। इस बारे में एएसपी रणविजय सिंह ने बताया कि घटना की जांच कराई जा रही है। फिलहाल मामला संदिग्ध लग रहा है।