खेकड़ा (बागपत)।
क्षेत्र के एक गांव में पैंतीस वर्षीय विवाहिता ने गृह कलह के चलते जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। ससुरालियों एवं मायके वालों ने महिला के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
क्षेत्र के एक गांव निवासी एक पैंतीस वर्षीय विवाहिता महिला की पति से किसी बात को लेकर गृह कलह चल रही थी। आए दिन दोनों में कहासुनी होती रहती थी। ससुरालियों एवं मायके वालों के कई बार समझाने के बाद भी पति पत्नी के बीच कलह समाप्त नहीं हुआ। सोमवार को सुबह के समय विवाहिता ने पति से कहासुनी होने पर मकान में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया। जहरीला पदार्थ खाते ही महिला की हालत बिगड़ गई। पता लगने पर परिजनों में हड़कंप मच गया और परिजन महिला को अस्पताल ले जाने लगे। रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस को सूचना दिए बिना ही परिजनों ने महिला के शव का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इन्कार किया है।