बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर मवी कलां मिनी टोल के पास खरबूजा व्यापारियों को बस से उतराकर मारपीट की। आरोप है कि हमलावर व्यापारियों से 90 हजार रुपये की नगदी छीन कर भी ले गए। पीड़ितों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है।
मवी कलां गांव निवासी सुनील, कपिल, कल्लू, दीपक खरबूजे का व्यापार करते हैं। खरबूजे के व्यापार को लेकर कुछ लोगों का उनसे विवाद चल रहा है। उन्होंने बताया कि रविवार की रात वे दिल्ली की मंडी में खरबूजे बेचकर प्राइवेट बस से घर लौट रहे थे। जब वे दिल्ली-सहारनपुर हाई पर ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के मवी कलां मिनी टोल के पास पहुंचे तो कुछ युवकों ने बस को रुकवा लिया और चारों खरबूजा व्यापारियों को बस से उतारकर मारपीट शुरू कर दी। इससे चारों घायल हो गए। आरोप है कि हमलावर उनसे 90 हजार रुपये की नगदी भी छीनकर ले गए। व्यापार को लेकर उनका कुछ लोगों से झगड़ा चल रहा है। पीड़ितों ने सोमवार को कोतवाली में पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने चारों घायलों का मेडिकल परीक्षण किया। घायलों ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।