खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के गांव सुन्हैैड़ा के जंगल में विद्युत तार टूटने से दो किसानों की करीब बारह बीघा गन्ने की फसल जल गई। पीड़ित किसानों ने एसडीएम से मुआवजा दिलवाने की मांग की।
सुन्हैड़ा निवासी किसान हरेंद्र और ओमप्रकाश के गन्ने के खेत के ऊपर से जर्जर हाल विद्युत लाइन गुजर रही है। सोमवार को दोपहर के समय तेज स्पार्किंग के साथ विद्युत तार टूटकर गन्ने के खेत में गिर गया। इससे गन्ने की फसल में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने उग्र रूप धारण कर लिया। फसल में लगी आग को देख आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर फायर कर्मी भी मौके पर पहुंच गए। किसानों और दमकल कर्मचारियों ने घंटों तक प्रयास कर आग को किसी तरह बुझाया, लेकिन तब तक दोनों किसानों की 12 बीघा गन्ने की फसल जल चुकी थी। पीड़ित किसानों ने एसडीएम पुलकित गर्ग से जली फसल का मुआवजा दिलवाने के साथ ही जर्जर विद्युत तारों को बदलवाने की मांग की। इस दौरान हरबीर, उपेंद्र, मुकेश, रामबीर, सुदेश, प्रदीप, राजू, सुरेंद्र आदि रहे।