बागपत। राष्ट्र वंदना चौक बागपत में एक व्यक्ति ने अपनी कार जिला कारागार से बंदियों को लेकर आ रही गाड़ी के आगे लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन बंदियों की गाड़ी नहीं रुकी। ट्रैफिक पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया और उसे कोतवाली ले गई। हिरासत में लिया गया व्यक्ति बागपत का रहने वाला बताया जा रहा है।
दुकान में तोड़फोड़ की
बागपत। पीडब्ल्यूडरी गेस्ट हाउस के पास स्थित परचून की दुकान में एक व्यक्ति ने जमकर तोड़फोड़ की और दुकान मालिक पूर्व फौजी सुभाषचंद निवासी जैन मोहल्ला बागपत को जान से मारने की धमकी दी। पूर्व फौजी ने कोतवाली में व्यक्ति के खिलाफ तहरीर दी है।
कार्रवाई की मांग की
बागपत। हसनपुर मसूरी निवासी सुषमा पत्नी अजय चार मार्च को बागपत से थ्री व्हीलर में डोला जा रही थी। रास्ते में उसके बैग से चार सोने के कंगन, एक गले का सेट, मंगलसूत्र, कानों के कुंडल व 15 हजार रुपये निकाल लिए गए। उसने बागपत कोतवाली में अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। उसने कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई की मांग की।