अमीनगर सराय (बागपत)। पशुओं की तस्करों भी बड़े स्तर पर हो रही है। एक ट्रक में 49 कटरे लादकर मेरठ ले जाते हुए चार लोगों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की।
सिंघावली अहीर पुलिस शनिवार की रात में बागपत-मेरठ मार्ग पर पिलाना भट्ठे के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी, इसी दौरान बागपत की ओर से एक ट्रक आया, पुलिस ने ट्रक रोकने का इशारा किया, आरोपी चालक ट्रक को लेकर भागने लगा, पीछा करने पर पुलिस ने उसको पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसमें बुरी तरह से मवेशी लदे मिले। इनमें से कई के पैर और मुंह बांध रखे थे। पुलिस ने ट्रक में सवार चार लोगों को पकड़ लिया। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया ट्रक से 49 कटरे बरामद हुए हैं। ट्रक के साथ पकड़े गए आरोपी रिजवान निवासी देशराज मोहल्ला, सादाब अैर सोनू उर्फ मोनिश निवासी केतीपुरा, याकूब निवासी कुरैशियान बागपत हैं। पूछताछ करने पर आरोपियों ने बताया कि पशुओं को मेरठ पैठ में लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई कर चालान किया।