काठा में नाव हादसे के बाद टूटी प्रशासन की नींद
बड़ौत (बागपत)। काठा गांव में हुए हादसे के बाद पुलिस-प्रशासन की नींद टूटी। एसडीएम ने अब अवैध रेत खनन करने वाले माफियाओं को सूचीबद्ध करने की कार्रवाई शुरू कर दी है और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि काठा में हादसे की बड़ी वजह अवैध खनन रहा है। बृहस्पतिवार को काठा गांव में रेत माफियाओं द्वारा बनाये गये कुंड में नाव पलटने से हुई लोगों की मौत के बाद भी बृहस्पतिवार रात कोताना, शबगा, टांडा में रेत माफिया सक्रिय रहें और पूरी रात रेत खनन हुआ। शुक्रवार को पुलिस-प्रशासन की नींद टूटी तो उन्होंने रेत माफियाओं पर कार्रवाई करने की तैयारी शुरू की। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी ने बताया कि यमुना नदी में अवैध रेत खनन करने वालों को सूचीबद्ध किया जा रहा है। कुछ लोगों को सूचीबद्ध कर दिया है। उनके खिलाफ सख्त कारवाई की जाएगी। किसी भी हाल में अवैध रेत खनन नहीं होने दिया जाएगा।