बागपत। शहर के निकिता नर्सिंग होम में ढाई माह पहले तोड़फोड़ कर आग लगाने की कोशिश एवं महिला कर्मचारियों से छेड़छाड़ करने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने 11 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने विवेचना शुरू कर दी।
मेरठ रोड स्थित निकिता नर्सिंग होम में 16 जनवरी को बंदपुर गांव के लोगों ने नवजात बच्चे की मौत पर तोड़फोड़ की थी। अस्पताल में आग लगाने की कोशिश के अलावा महिला कर्मचारियों से छेड़छाड़ भी की थी। अस्पताल संचालक सतीश कुमार ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़ित ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की। रविवार को कोतवाली पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर बंदपुर गांव निवासी विजय कुमार उर्फ विक्की पुत्र नरेंद्र, निक्की पुत्र नरेंद्र व पप्पू पुत्र ओमप्रकाश को नामजद व आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़, छेड़छाड़ एवं धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि 11 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।