बड़ौत (बागपत)। राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने को लेकर शनिवार की रात्रि में विद्युत निगम टीम ने छापेमारी की। रविवार तड़के एसई ने भी गांवों का निरीक्षण कर विद्युत व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। इस दौरान दस लोगों के खिलाफ विद्युत चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
शनिवार की रात्रि में ऊर्जा निगम की टीम ने एसडीओ विकास अहलावत और अवर अभियंता रवि प्रताप के नेतृत्व में नगर में पठानकोट मोहल्ला, इदारा मस्जिद, बड़का रोड, गुराना रोड, बारह फुटा रोड, बिनौली रोड पर छापेमारी की। कई जगह टीम से उपभोक्ताओं ने नोकझोंक भी की। बाद में 10 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इनमें गौतम, शाकिर, अबरार, हरदीप, आसिफ, इनाम, जाकिर हुसैन, अभिषेक, महमूद, नौशाद शामिल हैं।
उधर, रविवार की तड़के एसई रामबीर सिंह ने बड़ौत, जौनमाना, ढिकाना, मलकपुर व बावली गांव में औचक निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से लगाए कैंप के माध्यम से विद्युत व्यवस्थाओं की हकीकत जानी। साथ ही जिन लोगों ने विद्युत संबंधी शिकायत की, संबंधित एसडीओ व अधिशासी अभियंता को फोन कर तत्काल प्रभाव से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान एसई रामबीर सिंह ने बावली गांव में कैंप में शासन की योजनाओं को बताया और समय पर बिल जमा करने, गांव-गांव लगाए जा रहे मीटर लगाने के कार्य में सहयोग करने, बिजली चोरी न करने की अपील की।