बागपत। नंगला बहलोलपुर गांव में जुताई के रुपये मांगने गए भाजपा के मवी कलां बूथ अध्यक्ष अजीत कौशिक पर किसान ने लाठी से हमला बोल दिया और लाठी मारकर उसके हाथ की अंगुली तोड़ डाली। उसने भागकर जान बचाई। इस संबंध में कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया।
मवी कलां गांव निवासी अजीत कौशिक पुत्र जगदीश प्रसाद ने बताया कि वह भाजपा का मवी कलां बूथ अध्यक्ष है। ट्रैक्टर से किराए पर खेतों की जुताई का काम करता है। उसने नंगला बहलोलपुर गांव के एक व्यक्ति के खेत की जुताई की । जुताई के एक हजार रुपये उधार है। शनिवार दोपहर वह नंगला बहलोलपुर में एक हजार रुपये मांगने गया, लेकिन किसान ने उसे रुपये देने से इंकार कर दिया। जब उसने वजह पूछी तो लाठी मारकर हाथ की अंगुली तोड़ दी। उसने किसी तरह भागकर जान बचाई। घायल ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।