बड़ौत (बागपत)। पट्टी मेहर स्थित बडे़ जैन मंदिर के पीछे दिनदहाडे़ एक मकान मेें घुसकर तीन नकाबपोश बदमाशों ने लूटपाट का प्रयास किया। शोर मचाने पर बदमाश तमंचे लहराते भाग निकले।
पट्टी मेहर बड़े जैन मंदिर के पीछे तेजपाल जैन पुत्र प्यारेलाल का मकान है। वह और उनके बेटे अपनी दुकान पर गए थे, उसी दौरान उनके घर के किवाड़ की कुंडी बजी तो उनकी पत्नी गीता जैन ने कुंडी खोली। बाहर दो बदमाश हाथों में तमंचा लिए थे और एक बदमाश के हाथ में चाकू था। वहां मौजूद तेजपाल की पुत्रवधू रेखा, विशा जैन पर बदमाशों ने तमंचे तान दिए। इसी दौरान साहस दिखाकर उन्होंने शोर मचा दिया, तो मोहल्ले के लोग उधर दौडे़। उन्हें आता देख बदमाश तमंचा लहराते हुए बडे़ मंदिर की ओर से भाग निकले। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। तेजपाल के बेटे संजीव कुमार ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी है।