बागपत जेल में एक डिप्टी जेलर और 13 बंदीरक्षकों की तैनाती
बागपत। पूर्वांचल के डॉन मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद जेल में सुरक्षा बंदोबस्त कड़े किए जाने शुरू हो गए हैं। एक डिप्टी जेलर और 13 बंदीरक्षकों की तैनाती की गई है। जेल अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा का कहना है कि जल्द ही अन्य खाली पद भी भरे जाएंगे।
सोमवार सुबह मुन्ना बजरंगी की बागपत जेल में हत्या कर दी गई थी। जेल प्रशासन ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया था कि जेल मेें सुरक्षा स्टाफ की कमी के कारण नियमित चेकिंग नहीं हो पाती। मुन्ना बजरंगी की हत्या के बाद जेलर यूपी सिंह, डिप्टी जेलर और दो बंदीरक्षक भी निलंबित कर दिए गए थे। जेल अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा ने बताया कि एक डिप्टी जेलर और 13 बंदीरक्षकों को तैनाती दे दी गई है। अन्य सुरक्षा स्टाफ भी जल्द ही तैनात किया जाएगा। गौरतलब है कि जेल की सुरक्षा होमगार्डों के भरोसे हैं। अधीक्षक ने बताया कि जल्द ही जेल में सीसीटीवी कैमरे लगने का कार्य पूरा हो जाएगा। ठेकेदार कंपनी को इस विषय में जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।