बड़ौत (बागपत)।
पुलिस ने सिरदर्द बनी विवाहिता रुचि और उसके पति रविंद्र को बुधवार को फैमिली अदालत मेें पेश किया। कोर्ट ने कहा दंपति तलाक के लिए स्वतंत्र हैं, दंपति कोर्ट में वाद दायर करें, लेकिन तब तक महिला बच्चे के साथ रहेगी और पति अपने गांव मलकपुर में परिवार के साथ रहेगा।
जिवाना गांव निवासी रुचि की शादी दस साल पहले मलकपुर गांव के रविंद्र के साथ हुई, अब इनके दो बच्चे हैं, हाल में नवयुग कॉलोनी में अपना मकान बनाकर रह रहे हैं, काफी दिन से पत्नी रुचि को शक है उसका पति दूसरी महिला के साथ रहता है। इसे लेकर दंपति में विवाद चल रहा है, इस संबंध मेें विवाहिता रुचि कोतवाली पुलिस ही नहीं एसपी बागपत और लखनऊ में सीएम को शिकायत कर चुकी है।
सोमवार की रात्रि में विवाहिता रुचि ने एसपी को फोन कर पति की शिकायत की। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस दंपति को कोतवाली ले आई, रुचि ने पूरी रात कोतवाली में हंगामा किया। मंगलवार को पुलिस ने दोनों के परिजनों को कोतवाली में बुलाया, लेकिन पुलिस की उपस्थित में समझौता नहीं हो सका।
कोतवाली पुलिस ने समझौता नहीं होने पर बुधवार को दंपति (रुचि और रविंद्र ) को फैमिली कोर्ट में पेश किया । कोर्ट ने कहा विवाहिता रुचि नवयुग कॉलोनी में बच्चों के साथ रहेगी और पति गांव में परिवार के साथ रहेगा। न्यायालय ने बताया दोनों (दंपति) तलाक के लिए स्वतंत्र हैं, वे कोर्ट में वाद दायर करें, तब तक दोनों अलग-अलग रहेंगे। कोतवाली प्रभारी हरेराम यादव ने बताया कोर्ट के आदेश पर पति को उसके गांव मलकपुर और रुचि को नवयुग कॉलोनी में बच्चों समेत छोड़ दिया है और पति रविंद्र को हिदायत दी वे उसके पास नहीं जाएगा।