बड़ौत (बागपत)। मलकपुर चीनी मिल के चालू सत्र में असामाजिक तत्वों द्वारा किसानों की भीड़ का फायदा उठाकर मिल को बंद कराने की साजिश का मामला सामने आया है। मिल के उपाध्यक्ष में एसपी को शिकायती पत्र भेजकर मिल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
मिल के उपाध्यक्ष विपिन चौधरी ने एसपी को भेजे पत्र में बताया कि पेराई सत्र 2018- 19 में 10 नवंबर 2018 से चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू होने के बाद प्रतिदिन 80000 क्विंटल की पेराई की जा रही है। मिल में 10 जनवरी 2019 तक करीबन 45 लाख क्विंटल की पेराई की जा चुकी है । पेराई सत्र के चलते मिल में प्रतिदिन सैकड़ों किसान मौजूद रहते हैं । कुछ असामाजिक तत्व किसानों की भीड़ का फायदा उठा कर मिल परिसर में झगड़ा कर मिल को बंद कराने की साजिश रच रहे हैं। किसानों ने ही इसकी जानकारी दी है। उन्होंने शुक्रवार को कुछ असामाजिक तत्वों पर मिल परिसर में झगड़ किए जाने की आशंका जताकर एसपी से सुरक्षा कराने की मांग की।