दोघट (बागपत)। एक लाख के इनामी रहे प्रमोद गांगनौली के आवास पर फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने इनामी अजीत उर्फ हप्पू गैंग के साथी बबलू उर्फ जटा शंकर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद किया। आरोपी दो दिन पहले ही जेल से जमानत पर छूटकर बाहर आया। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा।
जनवरी 2018 को एक लाख के इनामी रहे अजीत उर्फ हप्पू ने साथियों के साथ मिलकर गांगनौली गांव में प्रधान सुभाषना राठी के मकान के सामने अंधाधुंध गोलियां बरसाई थी। प्रधान का बेटा प्रमोद गांगनौली भी एक लाख का इनामी रहा है। इस मामले में अजीत उर्फ हप्पू, बबलू उर्फ जटा शंकर निवासी बावली सहित कई बदमाशों को नामजद किया । अजीत उर्फ हप्पू मेरठ जेल में बंद है। शनिवार को थानाध्यक्ष चितवन कुमार को सूचना मिली की कि बबलू उर्फ जटा शंकर बावली गांव में आया हुआ है। इस पर पुलिस ने बावली गांव में छापा मारकर सर्वोदय इंटर कॉलेज के पास से बबलू उर्फ जटा शंकर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए। एसओ चितवन कुमार ने बताया कि बदमाश ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया और पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारी दी, जिन पर एसटीएफ काम कर रही है। वह दो दिन पहले ही जिला कारागार से जमानत पर छूटकर बाहर आया । पुलिस ने बदमाश को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा।
हप्पू के लिए मांगता था रंगदारी
दोघट। पुलिस ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश बबलू उर्फ जटा शंकर एक लाख के इनामी रहे अजीत उर्फ हप्पू का दायां हाथ है। वह हप्पू के लिए रंगदारी मांगने, लूटपाट करने की घटनाओं को अंजाम देता है। उस पर बड़ौत कोतवाली समेत अन्य थानों में 10 के लगभग रंगदारी और लूट के मुकदमे दर्ज हैं।
जटा शंकर से भी नहीं मिली हुई एके-47 बरामद
बागपत। एक लाख के इनामी रहे अजीत उर्फ हप्पू की एके-47 बबलू उर्फ जटा शंकर पर ही बताई गई थी। सूत्रों के मुताबिक हप्पू ने बावली का जंगल छोड़ने से पहले अपने सारे हथियार जटा शंकर को दे दिए थे। बागपत क्राइम ब्रांच ने अजीत उर्फ हप्पू को गिरफ्तार कर जेल भेजा, लेकिन पुलिस उससे एके-47 बरामद नहीं कर पाई है। अब पुलिस ने बबलू उर्फ जटाशंकर को भी गिरफ्तार कर लिया, लेकिन पुलिस उससे भी एके-47 बरामद नहीं कर पाई है। इनसे पहले भी परमवीर तुगाना पुलिस को एके-47 के मामले में पुलिस को चकमा देकर जेल चला गया।