थाना दोघट से तीन लोगों के साथ कार से लौट रहे रहतना के ग्राम प्रधान भारतवीर पर बेगमाबाद गढ़ी-रहतना मार्ग पर मंगलवार की रात में आठ बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से फायरिंग कर दी। प्रधान ने किसी तरह वहां से कार भगा कर जान बचाई। बदमाशों ने प्रधान की कार का गांव तक पीछा भी किया। सूचना पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जंगल की तरफ दौड़ लिए। बदमाश फायरिंग कर भाग निकले। पुलिस भी रात में ही मौके पर पहुंची और बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। इस संबंध में प्रधान ने तीन को नामजद सहित पांच अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी ।
रहतना गांव के प्रधान भारत वीर पुत्र महीपाल मंगलवार को गांव के ही भीम सैन, निशांत और आशीष के साथ कार में सवार होकर दोघट थाने पर किसी कार्य के लिए गए थे। देर रात वे कार से अपने गांव वापस लौट रहे थे। 10:30 बजे के लगभग जब वे बेगमाबाद गढ़ी व रहतना मार्ग पर पहुंचे तो आठ बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से बाइक सड़क के बीच खड़ी कर कार को रोकने का प्रयास किया। प्रधान ने कार वापस दौड़ा ली और दूसरे रास्ते से गांव की तरफ निकल गए। बदमाशों ने प्रधान की कार पर फायरिंग कर दी। प्रधान अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले। बदमाशों ने बाइकों से कार का गांव तक पीछा किया। सूचना पर ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर जंगल की तरफ दौड़ लिए। ग्रामीणों को अपनी तरफ आता देखकर बदमाश हवाई फायरिंग कर भाग गए। सूचना पर दोघट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जंगल में कांबिंग कर बदमाशों की तलाश की, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लगे। प्रधान भारतवीर ने बताया कि उन्होंने तीन बदमाशों को पहचान लिया है। बदमाशों ने उन्हें लूटपाट के इरादे से रोकने का प्रयास किया। बदमाश पहले भी एक बार प्रधान के साथ वारदात कर चुके हैं। एसएसआई रमेश सिंधू ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।