चांदीनगर (बागपत)। रटौल गांव में शर्त में मोबाइल के हार-जीत को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसको लेकर पुलिस ने एक मकान में घुसकर सामान तोड़फोड़ दिया। बुजुर्ग महिला से भी मारपीट की। जबकि दूसरे मकान के लोग पुलिस को देख गेट का ताला बंद कर चले गए। पुलिस की कार्यशैली को लेकर लोगों में रोष है।
रटौल गांव में तीन युवक फरमान, आरिफ और शाहरुख ने किसी बात को लेकर शर्त रखी । शर्त हारने पर मोबाइल देना तय हुआ । ग्रामीणों के अनुसार युवक फरमान शर्त हार गया। उससे मोबाइल मांगा तो उसने देने से इंकार कर दिया । उसके दोनों साथियों ने उससे मोबाइल ले लिया । फरमान ने जबरदस्ती मोबाइल छीनने का आरोप लगाकर पुलिस से शिकायत कर दी।
शिकायत मिलते ही पुलिस शाहरुख के मकान में पहुंची। परिजनों का आरोप है शाहरुख नहीं मिलने पर पुलिस ने उनके मकान का सामान तोड़फोड़ कर दिया। इस दौरान बुजुर्ग महिला से पुलिस वालों ने गाली-गलौज कर मारपीट भी की। दूसरे आरोपी के परिवार के लोग तो पुलिस के डर से मकान का ताला बंद करके चले गए । उधर, रटौल चौकी प्रभारी रणधीर सिंह ने कहा युवक फरमान की शिकायत पर एक मकान में गए थे, लेकिन मारपीट कर सामान तोड़ने का आरोप पूरी तरह से गलत है।