बिनौली (बागपत)।
रविवार की रात में थाना बिनौली पुलिस को हर्रा गांव की तरफ से आ रहे एक ट्रक में गोवंश होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने एक ट्रक पकड़ा इसमें गोवंश तो नहीं मिला पर ट्रक में जले हुए भारी मात्रा में पटाखे मिले।
प्रभारी निरीक्षक थाना बिनौली देवेंद्र सिंह विष्ट ने बताया कि रविवार को हर्रा गांव की और से एक ट्रक में गोवंश होने की सूचना मिली। बरनावा और माखर पुलिस चौकी पर चेकिंग अभियान चलाया। जिस ट्रक की सूचना थी उसको बरनावा पुलिस चौकी पर पकड़ लिया, पकड़े ट्रक की जब तलाशी ली तो उसमें गोवंश तो नहीं मिला, पर भारी मात्रा में अर्द्ध जले पटाखे भरे थे। ट्रक चालक से जब उसके बारे में पूछा तो उसने बताया कि वह पटाखों से भरा ट्रक मेरठ से बड़ौत लेकर जा रहा था, जब वह सरूरपुर थाने की हर्रा पुलिस चौकी के सामने पहुंचा तो ट्रक में रखे पटाखों में अचानक आग लग गई। सूचना पर दमकल विभाग की गाड़ी ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। थाना बिनौली पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।