बागपत। बड़ौत में महिला कविता की मौत के मामले में नामजद कराए गए तीन भाइयों की हिमायत में दर्जनों महिला और पुरुष शनिवार को एसपी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने कहा तीनों भाइयों को साजिश के तहत केस में फंसाया गया है। उन्होंने एसपी से केस की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।
कविता की 25 दिसंबर को रहस्यमय ढंग से मौत हो गई । महिला के भाइयों ने श्मशान घाट में पहुंचकर उसका दाह संस्कार करने की कोशिश की । बहनों ने वहां पर पहुंचकर जलती चिता से कविता को निकाल लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उसकी बहन और मां का आरोप था कि कविता की हत्या की। मां नत्थो की तहरीर पर आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में बड़ौत कोतवाली में मुकदमा दर्ज हुआ । इस मामले में शनिवार को एसपी दफ्तर पहुंचे लोगों ने कहा महिला कविता की शादी लोनी निवासी एक युवक के साथ हुई। उसका अपने पति से विवाद हो गया । वह अपने मां नत्थो के पास आकर रहने लगी । मंगलवार को उसने आत्महत्या कर ली। उसकी मां नत्थो ने अपने तीन बेटे पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराया। उनका कहना है कि कविता से उसके भाई अलग रहते हैं। उसका उनसे कोई लेना-देना नहीं था। उनके खिलाफ साजिश के तहत मुकदमा दर्ज कराया। जो पूरी तरह से गलत है। उन्होंने एसपी से केस की निष्पक्ष विवेचना कर कार्रवाई की मांग की है। इस मौके पर मोहम्मद जमील अहमद, इंतजार, अनीस, सुंदर, राजेश, संदीप, फरीदा खातून, नूर जहां, उसना, सरला आदि रही। एसपी जय प्रकाश ने बड़ौत थानाध्यक्ष को केस की निष्पक्ष विवेचना कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।