बामनौली में हुई चकबंदी प्रक्रिया में खामियां मिलीं
दोघट (बागपत)। बामनौली गांव में हुई चकबंदी प्रक्रिया में खामियां उजागर हुई हैं। संयुक्त संचालक (चकबंदी) रविंद्र कुमार दुबे ने अनियमितता बरतने वाले प्राधिकारियों पर कार्रवाई की संस्तुति डीएम सेे की है।
बामनौली निवासी महेंद्र पाल तोमर और अन्य किसानों ने 24 अप्रैल को संयुक्त संचालक चकबंदी रविंद्र कुमार दूबे से शिकायत करते हुए चकबंदी प्रक्रिया को गलत बताया । शिकायत की गांव में कुल रकबे में कमी नहीं है, लेकिन किसानों के खाते से भूमि कम हो गई है। जमीन पूरी होते हुए भी संबंधित खातेदारों को नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा चकबंदी कर्मचारियों की ओर से कार्रवाई रजिस्टर पर फर्जी रूप से हस्ताक्षर कर कार्रवाई दर्शा दी। शिकायत के बाद गांव पहुंचकर जांच की । जांच में कुछ जगहों पर चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितता पाई गई। संयुक्त संचालक ने कहा अनियमितताओं पर कार्रवाई के लिए डीएम को संस्तुति भेज दी है। उधर, डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने कहा अभी जांच रिपोर्ट उन्हें नहीं मिली है।