बड़ौत (बागपत)।
एक महिला को ससुराल वालों ने यातना देकर मारने की कोशिश की। महिला ने किसी तरह पिता को समस्या बताई। पीड़ित ने बुधवार को कोतवाली में तहरीर दी, पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल कराया। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट और मेडिकल देकर पीड़ित महिला को थाना शाहपुर भेजा, ताकि संबंधित पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर सके।
पीड़ित मंजू पुत्री अमरपाल बावली गांव की रहने वाली है, उसकी शादी अमित कुमार पुत्र भान सिंह सिनौली बरवाला थाना शाहपुर, जनपद मुजफ्फरनगर के साथ हुई। उसके दो बच्चे हैं। एक साल पहले मंजू की सास की मौत हो जाने के बाद पति, ससुर और पति का फुफेरा भाई उस पर अत्याचार करने लगे। शराब पीकर आए दिन उसे यातनाएं देने लगे। मंगलवार को शराब पीकर मारपीट की और फांसी लगाकर उसे मारने की कोशिश की। साथ ही उसे बुरा काम करने का दबवा बनाया। किसी तरह वह वहां से भाग निकली और अपने पिता को समस्या बताई। इसके पीड़ित पिता के साथ बड़ौत कोतवाली पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित महिला का सीएचसी में मेडिकल किया। पुलिस के अनुसार घटना स्थल थाना शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर में है। पुलिस ने पीड़ित महिला को मुजफ्फरनगर भेजा और मेडिकल दे दिया। पुलिस के अनुसार वारदात स्थल शाहपुर थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए शाहपुर पुलिस ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।