बड़ौत (बागपत)।
बड़ौत और रमाला क्षेत्र की सीमा पर बावली झाल के पास तीन बदमाशों ने बाइक सवार युवक से तमंचों के बल पर हजारों की नगदी और मोबाइल लूट लिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सूचना पर पहुंची बड़ौत और रमाला पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही, लेकिन उन्होंने पीड़ित की एक नहीं सुनी।
पीड़ित रामकुमार पुत्र रामफल शेरपुर लुहारा गांव का रहने वाला है। रविवार को शामली क्षेत्र में किसी कार्य के लिए गया । जब वह रविवार को शाम के समय वापस पूर्वी यमन नहर की पटरी होते अपने गांव लौट रहा था तो बड़ौत और रमाला थाना क्षेत्र की सीमा पर बावली झाल के पास उसे तीन बदमाशों ने तमंचों के बल पर रोक लिया और उससे पांच हजार की नगदी और मोबाइल लूट लिया और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित की सूचना मिलते ही बड़ौत और रमाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वारदात स्थल को लेकर विवाद में उलझ गई। पीड़ित युवक पुलिस से गुहार लगाता रहा, लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी। बाद में पीड़ित युवक पुलिस के झगड़े को देखकर अपने घर चला गया। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी ने कहा अभी तक तहरीर नहीं आई है। यदि कोई तहरीर लेकर आता है तो रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।