बड़ौत (बागपत)। दूसरे समुदाय के युवकों के बजरंग दल के नगर संयोजक की मां और बहन के साथ अभद्रता करने का मामला प्रकाश में आया है। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कोतवाली में पहुंचकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कराकर कार्रवाई करने की मांग की।
समाजसेवी नितिन जैन के नेतृत्व में सोमवार को काफी संख्या में बजरंग दल के कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि बजरंग दल के नगर संयोजक धर्मेंद्र की मां और बहन नगर के एक वार्ड में राशन लेने गई । इस दौरान वहां पर मौजूद दूसरे समुदाय के युवकों ने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी, जब मां ने विरोध किया तो उन्होंने उसके साथ भी गाली-गलौच कर दी। सूचना पर जैसे ही बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पर पहुंचे तो मनचले वहां से भाग निकले। बाद में कार्यकर्ताओं ने राशन की दुकान के सामने जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर दूसरे समुदाय के कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर नितिन जैन, हरेंद्र, केशव, राहुल, प्रमोद, रवि, नवीन, दीपक शामिल रहे। पुलिस ने कहा तहरीर लेकर मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।