बागपत। लूंब के सुधीर हत्याकांड में पुलिस मुख्य आरोपी के निकट पहुंच गई है। पुलिस ने यूपी, हरियाणा, उत्तराखंड और दिल्ली में दबिश दी। एसपी जयप्रकाश का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।
छपरौली थाना क्षेत्र के लूंब गांव में ढाई बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर बड़े भाई ने ही सुधीर की हत्या की। आरोपी प्रदीप वारदात के बाद अपने साथियों के साथ लाश को कार में डालकर भाग गया। पकड़े गए एक आरोपी ने पुलिस को जानकारी दी कि लाश को गंगनहर में फेंका। बुधवार को प्रकरण में पुलिस ने कई राज्यों में दबिश दी। इस दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण कामयाबी हाथ लगी है। मुख्य आरोपी प्रदीप के भी पुलिस के हत्थे चढ़ने की चर्चा है, लेकिन एसपी जयप्रकाश ने इसकी पुष्टि नहीं की है। एसपी का कहना है कि जल्द ही इस वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा। उधर, चर्चा है कि पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और लाश बरामदगी का प्रयास चल रहा है। गौरतलब है कि फरार आरोपी से दहशतजदां उसके ही भाइयों के परिवार ने कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन भी किया। पूरा परिवार जान का खतरा बता चुका है।