बागपत। पाली गांव में दुकान पर काम करने वाले हलवाई ने उधार के रुपये नहीं लौटाने पड़ें, इसके लिए अपने अपहरण की झूठी कहानी रच डाली। इतना ही नहीं हलवाई के दामाद ने शराब पीकर कोतवाली में हंगामा किया और पुलिस अफसर को अपना रिश्तेदार तक बता दिया। पुलिस ने शराबी दामाद को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा दिया। लापता हलवाई स्वयं ही अपने घर लौट गया।
शामली जनपद के जलालाबाद गांव निवासी जयपाल पुत्र महावीर बागपत कोतवाली क्षेत्र के पाली गांव में रकम सिंह की दुकान पर हलवाई का काम करता था। उसने रकम सिंह से 20 हजार रुपये उधार लिए थे, लेकिन वह रुपये नहीं लौटा रहा था। दुकान मालिक ने रुपये देने का दबाव बनाया तो वह गायब हो गया। उसके परिजनों ने दुकान मालिक पर अपहरण का आरोप लगाकर कोतवाली में तहरीर दी। बुधवार को हलवाई जयपाल का दामाद सचिन निवासी काकड़ा जनपद मुजफ्फरनगर शराब पीकर कोतवाली पहुंच गया और हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों तक देख लेने की धमकी दी। पुलिस के एक अफसर को अपना रिश्तेदार तक कह दिया। पुलिस ने दामाद को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। कोवताली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि हलवाई जयपाल अपने घर लौट आया है। उसे उधार के रुपये न लौटाने पड़े, इसलिए अपहरण की झूठी कहानी बनाई थी। शराबी दामाद के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।