दोघट (बागपत)। झूंडपुर गांव में शिक्षक की चोरी हुई लाइसेंसी रिवाल्वर की बरामदगी के लिए पंचायत ने एक अलग ही तरीका निकाला है। पंचायत में पंचों ने फैसला सुनाया कि गांव के लोग पीड़ित के घर के बाहर अंधेरे में मिट्टी का ढेर लगा देंगे, जिसके पास भी रिवाल्वर है, वह इस मिट्टी में रिवाल्वर छिपा जाए। रिवाल्वर बरामद हो गई तो कोई भी कानूनी कार्रवाई पीड़ित पक्ष की ओर से नहीं की जाएगी।
मामला दाहा क्षेत्र के झूंडपुर गांव का है। चार दिन पूर्व शिक्षक सुनील शर्मा के घर से लाइसेंसी रिवाल्वर और 50 हजार रुपये चोरी हो गए थे। इस मामले में शिक्षक ने दोघट थाने में तहरीर दे रखी है। पुलिस अब तक चोर को पकड़ने में नाकाम रही है। गांव में हुई पंचायत में निर्णय लिया गया कि ग्रामीण थोड़ी-थोड़ी मिट्टी पीड़ित के घर के बाहर डालेंगे। मिट्टी का ढेर लगा जाएगा। ऐसे में रिवाल्वर जिसके भी पास है, वह चुपचाप मिट्टी में दबाकर चला जाए। उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। पंचायत में पूर्व प्रधान जयपाल, सतीश, देशपाल, सुधीर, कालू, पप्पू शर्मा, दीपक शर्मा, युसूफ, सतेंद्र उपाध्याय, चंद्रपाल उपस्थित रहे। ग्राम प्रधान संजीव देशवाल ने पंचायत के फैसले की पुष्टि की है।