अमीनगर सराय (बागपत)। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के लुहारा गांव से कक्षा नौ का छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताकर थाने में तहरीर दी। पुलिस व परिजनों ने जंगल में कांबिंग कर छात्र की तलाश की, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
लुहारा गांव निवासी दिपांशु पुत्र पवन यादव सराय के वेदान्तिक पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ का छात्र है। परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार को दोपहर के समय दीपांशु घर से खेलने के लिए कहकर निकला था लेकिन अभी तक नहीं लौटा। परिजनों ने दोस्तों से भी जानकारी ली, लेकिन वह खेलने भी नहीं पहुंचा। पिता ने छात्र के अपहरण की आशंका जताकर सिंघावली अहीर थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने मामला गुमशुदगी में दर्ज कर लिया और छात्र का पता लगाने में जुट गई है। शुक्रवार की सुबह सैकड़ों ग्रामीणों ने छात्र की तलाश में जंगलों की खाक छानी, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं लग सका है। सिंघावली अहीर थाना प्रभारी ओमवीर सिंह ने कहा छात्र की तलाश की जा रही है जल्द ही छात्र को ढूंढ लिया जाएगा।