दोघट (बागपत)। कस्बा टीकरी में बेटे को गन प्वाइंट पर लेकर चार बदमाशों ने खल व्यापारी से 1.15 लाख रुपये की नगदी लूट ली। वारदात के बाद बदमाश तमंचे लहराते हुए कार में सवार होकर फरार हो गए। वारदात से कस्बे में दहशत फैल गई। डेढ़ घंटा बार पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित ने जेल में बंद नितिन राठी को नामजद कर अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ थाने में तहरीर दी।
कस्बा टीकरी निवासी नवीन की कस्बे के बाजार में परचून और खल-चूरी की दुकान है। दुकान के ऊपर ही बने मकान में वह परिवार के साथ रहता है। बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े सात बजे वह अपने बेटे हर्ष के साथ परचून की दुकान पर बैठा था। तभी चार बदमाश दुकान पर पहुंचे और उसके बेटे को गन प्वाइंट पर ले लिया। इससे दुकान में सामान लेने आए लोगों में दहशत फैल गई और वहां से भाग गए। इसके बाद बदमाशों ने नवीन वर्मा से रुपये लाने को कहा। नवीन ने बदमाशों को घर में रखी 1.15 लाख रुपये की नगदी दे दी। इसके बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देकर करीब सौ मीटर तक पैदल ही गए। इसके बाद कार में बैठ कर चले गए। दिन दहाड़े हुई इस वारदात से कस्बे में दहशत फैल गई और व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी। बदमाशों के जाने के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और इसकी सूचना पुलिस को दी । सूचना देने के डेढ़ घंटे बाद दोघट थानाध्यक्ष चितवन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी ली।
सूचना मिलते ही नगर पंचायत टीकरी के चेयरमैन सोमपाल राठी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस से इस घटना का खुलासा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कस्बे के व्यापारी को पूरी सुरक्षा दी जाए। बाजार में पुलिस बल तैनात किया जाए। इस वारदात के बाद से नवीन वर्मा का परिवार दहशतजदा है। इस संबंध में नवीन वर्मा ने जेल में बंद कस्बे के ही बदमाश नितिन राठी को नामजद कर अन्य अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
व्यापारी पर दर्ज सट्टे की खाईबाड़ी के मुकदमे
दोघट (बागपत)। पीड़ित व्यापारी नवीन पर सट्टे की खाईबाड़ी कराने के कई मुकदमे दर्ज हैं। टीकरी कस्बे में 12 सितंबर 2016 को विवेक की गोलियों से भूनकर हत्या की। विवेक भी सट्टे की खाईबाड़ी का कार्य करता था। इसके बाद 24 सितंबर 2016 को कस्बा निवासी बहादुर की गोली मारकर हत्या की । दोनों हत्याओं के मामले कस्बे का कुख्यात बदमाश नितिन राठी पर केस दर्ज हुआ और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा। इन वारदातों के बाद नवीन वर्मा परिवार सहित टीकरी कस्बे से पलायन कर कर कहीं जाकर रहने लगा था। अब छह माह पहले ही नवीन वर्मा परिवार सहित फिर से वापस लौट आया । इसके वापस आने के बाद जेल में बंद नितिन राठी का फोन आया और उसने उससे दो लाख रुपये की रंगदारी मांगी और न देने पर परिवार सहित मारने की धमकी दी।
पुलिस चौकी के पास वारदात
दोघट (बागपत)। कस्बे टीकरी के मैन बाजार में सुबह सवेरे हुई लूट की वारदात ने एक बार फिर पुलिस की नाकामी को साबित कर दिया है। वारदात स्थल से चंद कदमों की दूसरों पर पुलिस चौकी है। पुलिस चौकी पर एक एचसीपी और एक सिपाही तैनात है। बदमाशों की सूचना उन्हें दी गई, लेकिन वे मौके पर ही नहीं पहुंचे। यदि वे सूचना के तुरंत बाद मौके पर पहुंच जाते तो शायद बदमाश पकड़े जाते है।