बागपत। बसी गांव की विवाहिता इसराना 21 दिसंबर को रहस्यमय ढंग से झुलस गई थी। बाद में उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले उसको दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न करते थे। आरोपी ससुरालियों ने उसकी जलाकर हत्या कर दी है। उसकी मां बिलकिश की तहरीर पर आरोपी पति इमरान, ससुर शौकीन, सास सन्नो के अलावा फिरोज के लिए खेकड़ा थाने में मुकदमा दर्ज हुआ है। सीओ खेकड़ा ने केस की विवेचना शुरू कर दी है।
युवती की फेस बुक एकाउंट पर अश्लील बातें पोस्ट, मुकदमा
बागपत। बड़ौत क्षेत्र की एक युवती के फेस बुक एकाउंट पर एक युवक पिछले कुछ समय से अश्लील बातें और गाली-गलौज पोस्ट कर रहा है। समझाने के बाद भी आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। पीड़ित युवती की तहरीर पर आरोपी सौरभ उर्फ अंकित के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। कोतवाली एसएसआई हेमेंद्र बालियान ने बताया कि केस की विवेचना चल रही है।
सट्टे की खाईबाड़ी के आरोपी जेल पहुंचे
बागपत। क्राइम ब्रांच की टीम ने शहर के मुगलपुरा मोहल्ले में शाहिद उर्फ सेवा के मकान में छापा मारा कर सट्टे की खाईबाड़ी पकड़ी। पुलिस ने शाहिद के अलावा मोहल्ले के अनिल, झंकार गली निवासी गौरव व विकास, नौरोजपुर रोड निवासी धर्मेंद्र और काली मंदिर के निकट रहने वाले सरताज को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों के पास से 35,700 रुपये नगद और अन्य सामान बरामद किया । कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने कहा पकड़े गए आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेजा।
ट्रक लूट का आरोपी हिरासत में
बागपत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित गुफा-बाबा मंदिर के पास से शैंपू से लदा ट्रक लूट के मामले में पुलिस ने एक ओर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। जबकि तीन आरोपियों को पुलिस पहले गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।